अमरोहा। वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर जीत के बाद अमरोहा में लोगों ने जश्न मनाया। मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी। महा मुकाबला देखने को क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। दोपहर दो बजे जैसे ही मैच शुरू हुआ, लोग टीवी केस सामने बैठ गए। उन्होंने भारतीय टीम के गेंदबाजों की एक-एक बॉल का लुत्फ उठाया। जैसे-जैसे पाकिस्तान टीम के विकेट गिरते रहे, वैसे-वैसे वह उछलते रहे। बाद में भारत की बैटिंग के दौरान रोहित के चौकों और छक्कों को देखकर प्रशंसक झूमते रहे।
वर्ल्ड कप 2023 में भारत पाकिस्तान की भिड़ंत देखने को लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। शनिवार को छुट्टी का दिन था तो लोगों का उत्साह और बढ़ गया। दोपहर डेढ़ बजे भारत ने टॉस जीता और बॉलिंग चुनी। उसके बाद लोग टीवी, मोबाइल आदि से चिपक गए। पाकिस्तान के दो विकेट जल्दी गिरने के बाद भारतीय प्रशंसक जश्न मनाने लगे। लेकिन बाबर आजम और रिजवान के बीच हुई साझेदारी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। लेकिन बाबर का विकेट गिरते ही प्रशंसक उछल पड़े। फिर एक के बाद एक गिरते पाकिस्तान के विकेटों ने लोगों में जोश भर दिया। 192 रनों का लक्ष्य मिलने पर भारतीय टीम की जीत तय हो गई। उसके बाद बल्लेबाजी करते हुए गिल और रोहित ने शानदार शुरुआत की। रोहित के छक्के और चौकों को देख क्रिकेट प्रेमी झूम उठे। हालांकि, गिल और विराट का विकेट गिरने से उन्हें थोड़ी मायूसी हुई, लेकिन भारत की एकतरफा जीत के बाद लोग जगह-जगह जश्न मनाते रहे। लोगों का कहना था कि वर्ल्ड कप में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को मात देकर देश वासियों को शानदार तोहफा दिया है।