अमरोहा। डीएम राजेश कुमार त्यागी ने नोडल अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरती तो संबंधित बख्शे नहीं जाएंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी कराए जाने के दृष्टिगत नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने जिला संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि यातायात परिवहन की व्यवस्था सुदृढ़ होनी चाहिए। अधिक से अधिक वाहनों का अधिग्रहण कर लिया जाए। कहा कि पोलिंग पार्टी को किसी प्रकार की रवानगी के दिन दिक्कत ना हो, इसके लिए रूट चार्ट भी बेहतर तरीके से बनाया जाए। कहा कि लिफाफा मतदाता पर्ची प्रपत्र पहले से ही संपर्क कर प्रकाशित करा लिया जाए। डाक मत पत्र का प्रयोग के लिए आवश्यक सेवा से जुड़े व्यक्तियों को भी मतदान की सुविधा दी जाएगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने की बेहतर सुविधा दी जाएगी। इसके लिए अधिक से अधिक व्हीलचेयर की व्यवस्था कर ली जाए। कहा कि वल्नरेबल बूथों को एसडीएम, तहसीलदार पहले से तय कर लें कि मतदान में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप, उप जिलाधिकारी सदर, हसनपुर, नौगांवा, धनौरा व नोडल अधिकारी मौजूद रहे।