अमरोहा। सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर बिजली कर्मचारी और मोहल्ले के लोगों में जमकर मारपीट हुई। एक-दूसरे पर पथराव किया। कार में तोड़फोड़ की गई। पुलिस कर्मियों के समझाने पर भी नहीं माने और मारपीट करते रहे। जमकर हंगामा किया। घटना में पुलिस ने तीन नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मारपीट की ये घटना बृहस्पतिवार की रात मोहल्ला मुल्लाना में हुई। यहां पर बिजली का ठेकेदार मजदूरों के साथ बिजली के खंभे और तार बदल रहा था। इस दौरान उनकी कार रास्ते में खड़ी हुई थी। मजदूर कार में रखा बिजली का समान उतार रहे थे। तभी बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और कार हटाने के लिए कहा। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी हो गई। इसके बाद बाइक सवार युवकों ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। जिसके बाद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। बिजली कर्मियों की कार में ईंट पत्थरों से तोड़फोड़ की गई। जमकर हंगामा हुआ तो लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मारपीट व पथराव कर रहे लोगों को समझने का प्रयास किया। लेकिन वह पुलिस के सामने ही मारपीट करते रहे। सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस ने लाठी फटकारी तो आरोपी मौके से भाग निकले। बाद में दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई।
सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दरोगा सुभाष बालियान की तहरीर पर मोहल्ला बगला के रहने वाले समीर, सफातपोता के रहने वाले उवैस और नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के अकबरपुर पट्टी गांव निवासी अजय कुमार और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला
सीओ ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 336, 504, 506, 427, 353 और अपराध कानून संशोधन अधिनियम के धारा सात के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
-