गजरौला। महाशिवरात्रि के पर्व पर जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के जत्थों के रूट की व्यवस्था देखने के लिए एसपी सुनीति यहां पहुंची और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। रविवार की रात आठ बजे एसपी सुनीति चौपला पुलिस चौकी पर पहुंचीं। उन्होंने थाना क्षेत्र में मंडी धनौरा रोड से आने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के संबंध में अधीनस्थों से जानकारी ली। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने उन्हें बताया कि बुलंदशहर की दिशा को जाने वाले कां वड़िये मंडी धनौरा रोड से कुमराला पुलिस चौकी के पीछे होकर गांव बैसली होते हुए हाईवे की ओर जा रहे हैं। वहां से ब्रजघाट की दिशा में दिल्ली रोड पर आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा संभल, हसनपुर, अलीगढ़ की ओर जाने वाले श्रद्धालु मंडी धनौरा मार्ग से इंदिरा चौक-चौपला होते हुए हसनपुर की ओर कूच कर रहे हैं। एसपी सुनीति ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न होने पाए। उनके जत्थे में कोई भी भारी वाहन न घुसे और ना ही उन्हें यहां से गुजरते समय कोई दिक्कत आए। उन्होंने चौपला चौकी इंचार्ज एसआई संत कुमार से भी कांवड़ रूट की जानकारी ली। बाद में घूमकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।