नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में सोनीपत निवासी कैंटर के परिचालक की मौत हो गई। जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हरियाणा में सोनीपत जनपद के मुरथल निवासी मनजीत पुत्र जिले सिंह कैंटर पर परिचालक था। यहीं का रहने वाला मनोज पुत्र भीम सिंह चालक है। इंस्पेक्टर रमेश सहरावत ने बताया कि चालक-परिचालक कैंटर को मुरथल से रुद्रपुर लेकर जा रहे थे। कैंटर में मोबीऑयल के ड्रम भरे हुए थे। जैसे ही कैंटर सोमवार की रात हाईवे स्थित रजबपुर बाईपास पर पहुंचा तभी अज्ञात वाहन से कैंटर की टक्कर हो गई। हादसे में परिचालक मनजीत की मौके पर मौत हो गई। जबकि चालक मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिचालक के भाई सोनू की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।