अमरोहा। डीएसए क्रिकेट टूर्नामेंट में सोनकपुर क्रिकेट एकेडमी ने पारकर क्रिकेट एकेडमी को 43 रनों से हरा दिया। वहीं पीआर क्रिकेट एकेडमी नोएडा ने आरोग्य हॉस्पिटल को 2 विकेट से हराकर मैच अपने नाम किया।द आर्यंस स्कूल में चल रहे डीएसए क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो मैच खेले गए। पहला सोनकपुर क्रिकेट अकादमी और पारकर क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। पहले मैच में पारकर क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। उन्होंने सोनकपुर क्रिकेट एकेडमी को निर्धारित 20 ओवर में 159 रन पर रोका। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पारकर क्रिकेट एकेडमी 116 रन पर ही ऑल आउट हो गई। इस तरह सोनाकपुर क्रिकेट एकेडमी ने 43 रन से इस मुकाबले को अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच मोहम्मद अजीम रहे।
दूसरा मैच आरोग्य हॉस्पिटल और पीआर क्रिकेट एकेडमी नोएडा के बीच खेला गया। आरोग्य हॉस्पिटल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरोग्य हॉस्पिटल ने निर्धारित 20 ओवर में 124 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पीआर क्रिकेट एकेडमी ने 19.5 ओवर में 2 विकेट से मैच जीत लिया। भावी शर्मा मैन ऑफ द मैच रहे। मैच के दौरान आर्यन स्कूल और क्रिकेट एकेडमी के प्रबंधक अनिल लिट, अमरोहा क्रिकेट के कन्वीनर अमन लिट, दा आर्यंस क्रिकेट एकेडमी के कोच चमन सिंह, अंपायर निश्चल चौधरी व अंकुल लिट, स्कोरर सतीश गौतम, रिजवान पाशा, हरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।