शातिर ठगों ने व्यापारी को पीतल की मूर्ति को सोने की बताकर 5.6 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर व्यापारी ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा जोया निवासी अजय कुमार गुप्ता की चौराहे पर मोहित रोहित प्लास्टिक स्टोर के नाम से दुकान है। बीती 24 अगस्त को अजय कुमार गुप्ता दुकान पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी उनकी दुकान पर आया। चांदी के चार-पांच सिक्के दिखाने के बाद उसने बताया कि एक स्थान की खुदाई के दौरान इसके अलावा कुछ सोने की मूर्तियां भी मिली है। सोने की मूर्ति का सौदा करने लगा। अजय ने आरोपी से मूर्ति दिखाने को कहा। इस पर आरोपी अगले दिन अपने एक अन्य साथी और महिला को लेकर दुकान पर आ गया। उसने कपड़े में लिपटी हुई पीली धातु की मूर्तियां दिखाईं।
मूर्ति का सौदा 5.6 लाख रुपये में तय हुआ। दो दिन बाद वह पैसे लेकर पत्नी व बेटे के साथ कार से मुरादाबाद में कपूर कंपनी के चौराहे पर पहुंच गए। वहां खड़े मिले पर शातिरों ने 5.6 लाख रुपये लेकर कपड़े में लिपटी मूर्तियां दे दीं। घर पहुंचकर मूर्तियां उन्होंने एक सर्राफ को दिखाईं तो वे पीतल की निकली। बृहस्पतिवार को पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर ठगी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।