अमरोहा। मध्यगंगा नहर परियोजना का किसानों का सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा न मिलने से नाराज किसान पिछले 20 दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। गांव कूबी में रामपुर घना, मोहनपुर, घंसूपुर के किसान महिलाओं समेत धरने पर डटे हुए हैं। किसानों का कहना है कि जब तक सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा नही मिलेगा तब तक धरना खत्म होने वाला नही है। न ही जमीन खाली की जाएगी। बारिश के मौसम में किसान धरने पर डटे हुए हैं।
सोमवार को कूबी में चल रहे किसानों के धरने का 21 दिन बीत चुके हैं। भाकियू टिकैत गुट के पदाधिकारी कमल सिंह ने कहा कि जब से धरना शुरू हुआ है। तब से धरना स्थल पर अधिकारी केवल एक बार ही पहुंचे है। उसके बाद से अभी तक कोई भी अधिकारी धरना स्थल पर नही पहुंचा है। धरने पर बैठे सभी किसानों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। इसके लिए शासन, प्रशासन से वार्ता की जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक किसानों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुुआवजा नही मिलेगा तब वह धरना समाप्त नही करेगें। धरने में गुनी पाल सिंह, जयपाल सिंह, समरपाल सिंह, सतपाल सिंह, सोमवीर सिंह, संतराम सिंह, अमर सिंह, सुनीता देवी, कमलेश देवी, पूनम चौधरी, बबीता चौधरी, अमन चौधरी, बबली देवी, मिथलेश देवी, कमला देवी, रश्मि चौधरी आदि मौजूद रहे।