अमरोहा/उझारी। मकान पर अवैध कब्जा करने को लेकर घर में घुसकर मारपीट और महिलाओं से अभद्रता और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने बीस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं पांच आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों का सहयोग करने के आरोप में एसपी ने उझारी चौकी इंचार्ज समेत छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। वही मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।
उझारी के मोहल्ला महल में सलीम अख्तर का परिवार रहता है। आरोप है कि कुछ लोग सलीम अख्तर को घर पर कब्जा करना चाहते हैं। चार सितंबर की सुबह मकान पर कब्जे को लेकर आरोपी सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हो गए। दरवाजा खोलकर मारपीट की गई। हाथाें में हथियार लेकर दहशत फैलाई गई। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की गई। दबंगों ने घर में लूटपाट भी की। उसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। यह सारी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के साथ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी। जिसके आधार पर पुलिस ने बीस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में पुलिस ने आस मोहम्मद, शाहिद, नवेद, सोहेल, जुबेर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा बाबर, आलम, नसरीन, फरहीन , रुजुदा, आफरीन, आसमा, बानो, सायदा, रुखसाना, जायदा, नन्ही, माजिद, नासिर मुशीर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई हैं।
घटना के बाद उझारी चौकी पुलिस पर आरोपियों का सहयोग करने का आरोप लगा। अधिकारियों की प्राथमिक जांच में ये पुष्टि हो गई कि पुलिस ने आरोपियों के साथ मिलकर मकान पर कब्जा कराया था। जिसके आधार पर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने उझारी पुलिस चौकी प्रभारी और छह कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि चौकी प्रभारी कर्मजीत सिंह, हेड कांस्टेबल किशन लाल, कांस्टेबल अरूण, अमित, छोटेलाल, मुरारी लाल को निलंबित किया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।