अमरोहा। सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव अल्लीपुर भूड़ उर्फ ढक्का मोड़ में ट्रक चालक रईसुद्दीन की पत्नी और तीन बच्चों समेत छह की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ने और ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। लेकिन डॉक्टरों ने बिसरा भी सुरक्षित किया है। मंगलवार की रात ही पांच बच्चों का पोस्टमार्टम डॉ. अरुण कुमार और डॉ. जितेंद्र सिंह के पैनल ने किया। जबकि रईसुद्दीन की पत्नी हुस्न जहां का पोस्टमार्टम बुधवार को डॉक्टर जावेद अंसारी ने किया।
सैदनगली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर भूड़ सर्की उर्फ ढक्का मोड़ पर ठंड से बचने के लिए कमरे में कोयला जलाकर सोए ट्रक चालक रईसुद्दीन की बेटी सोनम, बेटे जैद और माहिर, सिहाली जागीर निवासी साले की बेटी महक और धनौरा निवासी साढू की बेटी कशिश की दम घुटने से मौत हो गई थी। जबकि रईसुद्दीन की पत्नी हुस्नजहां और साले रियासत की हालत नाजुक थी। लेकिन बुधवार की सुबह इलाज के दौरान हुस्न जहां की भी मौत हो गई। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ने और ऑक्सीजन की कमी होना आया है। कुछ चीजों को स्पष्ट करने के लिए डॉक्टरों ने सभी मृतकों का बिसरा सुरक्षित किया है। इससे साफ है कि ठंड से बचने के लिए परिवार के लोग कमरे में कोयला जलाकर सोए थे, उसी के कारण कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ गई और सभी का ऑक्सीजन लेवल घटता चला गया। वहीं रियासत का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।