बाइक की साइड लग जाने पर हुए विवाद में एक दूसरे पर पथराव करने और सूचना पर गई पुलिस पर हमला करने के छह आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया है।
बीते बृहस्पतिवार रात आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी संदीप बाइक से जा रहा था। वह चौहानपुरी मोहल्ले मे मस्जिद के सामने पहुंचा था। इस बीच सामने से चौहानपुरी का सौरभ बाइक लेकर आ गया था। दोनों की बाइक मामूली रूप से टकरा गई थीं। इस पर कहासुनी के बाद दोनों में विवाद हो गया था। सूचना पाकर कस्बा इंचार्ज अरुण कुमार गिरि पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थे। मोहल्ले में लाठी-डंडों से मारपीट हो रही थी। एक दूसरे पर पथराव कर रहे थे। झगड़ा कर रहे आरोपियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी संदीप कुमार, अजय, चौहानपुरी निवासी अरुण, दिनेश, राजा, व जीशू और दूसरी तरफ से सौरभ, गौरव, रिंकू, गणेश, अश्वनी व 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सोमवार को पुलिस ने अजय व संदीप निवासी आंबेडकर नगर, राजा, दिनेश, जीशू, अरुण निवासी चौहानपुरी मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया। सीओ श्वेता भास्कर का कहना है कि आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
दुकान में चोरी कर रहे आरोपी को पकड़ा
गजरौला। क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में दिनदहाड़े दुकान में चोरी करते आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गांव निवासी ताहिर की गांव में रोड़ी, बजरी, बजरपुट की दुकान है। ताहिर का आरोप है कि सोमवार सुबह 10:30 बजे एक शख्स ने उनकी दुकान से 27 हजार रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने उसे चोरी करते देख शोर मचा दिया और ग्रामीणों की मदद से चोर को पकड़ लिया। उन्होंने फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि जिस पर आरोप लगाया था, पुलिस उसके घर तक गई, उस पर चोरी की पुष्टि नहीं हुई।
गोशाला के चौकीदार को पीटा
गजरौला। ब्रजघाट चौकी के पास मोहम्मदाबाद ग्राम पंचायत के मझरा खड़गपुर गांव स्थित गोशाला में गांव का ही व्यक्ति चौकीदार है। चौकीदार का आरोप है कि रविवार रात गांव के दो युवकों ने उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की। जिससे वह घायल हो गया। उसने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दो आरोपियों जयकरण व दीपचंद के खिलाफ एनसीआर दर्ज की। दोनों का शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। उधर, दोनों का आरोप था कि चौकीदार शराब पीकर आए दिन गाली देता है।