अमरोहा। सावन के दूसरे सोमवार को मंदिरों में शिवभक्तों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख शांति की कामना की। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन लग गई। बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर गूंज उठे। वहीं, दिनभर कांवड़ियों का हरिद्वार से जल लेकर आने और जल चढ़ाने का सिलसिला चलता रहा।
नगर के प्राचीन वासुदेव तीर्थ मंदिर, नौगांवा सादात गजस्थल, शिव मंदिर पीला कुंड, धनौरा में पत्थर कुटी मंदिर, गजरौला में राम मंदिर और हसनपुर में शिवाला मंदिर समेत जिलेभर के दो दर्जन से अधिक मंदिरों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलाभिषेक कराया गया। जलाभिषेक करने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। शिवालयों में जलाभिषेक पूजन के साथ हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज सुनाई दी। घंटियों की गूंज के बीच शिव चालीसा और पंचाक्षरी के स्वर भी गूंजे। युवाओं ने डीजे के साथ ब्रजघाट, हरिद्वार आदि स्थानों से डाक कांवड़ में गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्तों ने कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक कर कांवड़ चढ़ाई।
-
चाकेश्वर महादेव मंदिर पर तड़के चार बजे से लग गई कतार
गजरौला। सावन माह के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। महादेव को बेल पत्र अर्पित किए। मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की सुबह से ही लंबी कतार लग गईं। चाकीखेड़ा स्थित चाकेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु ब्रजघाट, तिगरी और हरिद्वार से गंगा जल लाए। सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए लाइन लग गई। अपनी बारी आने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बेल पत्र अर्पित कर शिव की आराधना की। मंदिर परिसर हर हर बम बम से गूंज उठे।