हसनपुर। संभल के ऐंचोड़ा कंबोह में कल्कि धाम में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी को ज्ञापन देने जाने की तैयारी कर रहे शिव सैनिकों को पुलिस ने घर में ही नजर बंद कर दिया। तीन घंटे तक पुलिस ने उन्हें नजरबंद किए रही। पीएम के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद ही पुलिस ने उन्हें मुक्त किया।
शिवसेना उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं ने दो दिन पूर्व संभल के कल्कि धाम में होने जा रहे मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया था। वह ज्ञापन के माध्यम से संभल के हरिहर मंदिर के कपाट खुलवाने की मांग कर रहे हैं। रविवार की सुबह को जैसे ही शिव सैनिक संभल जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कोतवाली से अपराध निरीक्षक के जितेंद्र बालियान पुलिस टीम के साथ शिवसेना जिला प्रमुख वेद प्रकाश यादव के घर पहुंचे अतुल अग्रवाल, विकास यादव, सीमा यादव, दीनदयाल यादव, राधेलाल अग्रवाल, राजकुमार सागर, रिंकू प्रजापति आदि काे वहीं पर नजर बंद कर दिया।
शिवसेना जिला प्रमुख वेद प्रकाश यादव का कहना है कि शिव सैनिकों की आवाज को दबाया जा रहा है। जिस तरह से संभल में कल्कि धाम मंदिर की स्थापना की जा रही है। वैसे ही संभल के हरिहर मंदिर पर वर्षों से ताला लगा हुआ है। वह ताला खुलना चाहिए। ताला खुलने के बाद ही सनातन धर्म को मानने वाले लोगों के साथ न्याय होगा।