अमरोहा। वर्ल्ड कप फाइनल मैच को लेकर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के गांव सहसपुर अलीनगर में उत्सव जैसा माहौल है। सरकार ने शमी गांव में स्टेडियम बनाने की सौगात दी है तो वहीं अधिकारियों का जमावड़ा लगा हुआ है। विशेष अभियान चलाकर गांव में साफ सफाई चल रही है। शमी के घर पर मीडिया कर्मियों का जमावड़ा लगा हुआ है।
मोहम्मद शमी के बड़े भाई हबीब और उनके भतीजे अहमदाबाद में विश्व कप का फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे हैं तो वहीं घर पर अकेली मां अंजुम आरा है। मां लगातार टीम इंडिया के जितने और मोहम्मद शमी के अच्छे प्रदर्शन के लिए दुआ कर रही है। उनका कहना है कि इंशा अल्लाह भारत वर्ल्ड कप जीतेगा। सिम्मी (शमी) अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हालांकि मां अंजुम आरा शमी का नाम लेते ही भावुक हो जाती हैं।
सहसपुर अलीनगर भारतीय क्रिकेट टीम तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का गांव है। खेत में बनी पिच पर गेंदबाजी की शुरूआत करने वाले मोहम्मद शमी अब दुनिया में छा गए हैं। बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में मोहम्मद शमी की बेहतरीन गेंदबाजी आगे न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी धराशायी हो गई थी। शमी ने 7 विकेट लेकर अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने क्रिकेट विश्व कप इतिहास में 54 विकेट अपने नाम करते हुए भारतीय गेंदबाज जवागल श्रीनाथ और जहीर खान के 44-44 विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अब मोहम्मद शमी का नाम हर किसी की जुबान पर छाया हुआ है। देश दुनिया में मोहम्मद शमी की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर मोहम्मद शमी के प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे हैं। जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने शमी के गांव में विकास कराने की घोषणा की है। शुक्रवार को वह अमरोहा में मौजूद रहे। तभी उनके निर्देश पर सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी कुछ अन्य अधिकारियों के साथ शमी के गांव सहसपुर अलीनगर पहुंचे थे।
स्टेडियम के लिए जमीन को चिन्हित कर प्रपोजल तैयार किया। शनिवार को भी सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा सहसपुर अलीनगर पहुंचे। एडीओ पंचायत नितिन जैन के नेतृत्व में गांव में साफ-सफाई अभियान चलाया गया। दस से अधिक सफाई कर्मचारियों से लगाकर सफाई कराई जा रही है। सहसपुर अलीनगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। हर कोई मोहम्मद शमी की चर्चा कर रहा है।
शनिवार को भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की मां अंजुम आरा घर पर अकेली थीं। वह मीडिया कर्मियों की बातों का जवाब भावुकता के साथ दे रही थीं। उनका कहना है कि बेटे मोहम्मद सिम्मी को लेकर पूरा देश जश्न बना रहा है। चारों तरफ उसके नाम की चर्चा है। शमी ने बहुत अच्छा खेले। जब पूरा देश जश्न बना रहा है...मैं तो उसकी मां हूं... मेरा क्या हाल होगा।