अमरोहा। जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बावजूद इसके लोग लापरवाही बरत रहे हैं। आने वाले दिनों में हालात बिगड़ सकते हैं। स्थिति ये है कि शनिवार को भी जनपद में डॉक्टर समेत सात लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मार्च से अब तक मिले मरीजों की संख्या 90 हो गई है। जबकि 34 सक्रिय चल रहे हैं।
सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि शनिवार को ईद की छुट्टी के कारण जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा, धनौरा, गजरौला, हसनपुर, जोया, रहरा और डीसीएच में केवल 57 लोगों ने कोरोना जांच कराई गई। जबकि तीन दिन पहले आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट आई। जिसमें अमरोहा में 1, धनौरा में 1, जोया में 2 और रहरा में 4 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक मरीज की दो दिन पहले एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब वह आरटीपीसीआर जांच में भी संक्रमित पाया गया है। सभी मरीजों को खांसी, बुखार जुकाम के लक्षण थे। अब सर्विलांस टीम मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल जुटा रही है। सीएमओ ने बताया कि मार्च से लेकर अब तक कोरोना के 90 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 56 ठीक हो गए हैं। फिलहाल जिले में 34 मरीज सक्रिय चल रहे हैं। जबकि कंटेंटमेंट जोन 37 बने हुए हैं।