रेलवे ट्रैक पर अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस और जीआरपी ने जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों ने शव को पहचानने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास कर रही है।
यह मामला रजबपुर थानाक्षेत्र में चांद नगर के पास रेलवे ट्रैक का है। सोमवार सुबह काफूरपुर-चांदनगर गांव के लोग खेत पर जाने के लिए निकले थे। तभी उन्होंने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देखा। खून से लथपथ शव को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमेश सहरावत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जीआरपी भी मौके पर आ गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं और हाथ कटा हुआ है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। इस संबंध में स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई लेकिन सभी ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया। जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। उसकी पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि युवक की किसी ट्रेन से गिरकर मौत हुई है।