गजरौला। पौने पांच करोड़ रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने गन्ना विभाग के वरिष्ठ सहायक आशीष सैनी को अमरोहा से गिरफ्तार कर लिया। वह आठ महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसके खिलाफ बीते साल 16 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक आशीष सैनी के खिलाफ थाना गजरौला में बीते साल 16 जुलाई को ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गजरौला प्रीतम सिंह ने पौने पांच करोड़ के गबन का मुकदमा दर्ज कराया था। आशीष सैनी पर जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक के साथ ही ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गजरौला और गन्ना विकास परिषद चंदनपुर कार्यालय की भी जिम्मेदारी थी। उस पर आरोप है कि उसने अलग-अलग बैंक से रकम की निकासी की। इसके अलावा आशीष सैनी द्वारा अपनी पत्नी प्रीति सैनी के गन्ना विकास परिषद गजरौला व चंदनपुर के यूनियन बैंक अमरोहा, कैनरा बैंक अमरोहा, एचडीएफसी अमरोहा, पंजाब नेशनल बैंक अमरोहा, कैनरा बैंक गजरौला, एक्सिस बैंक गजरौला एवं जिला सहकारी बैंक के खाते में से रकम ट्रांसफर की थी।
आशीष सैनी ने यूनियन बैंक अमरोहा से 23192102, एचडीएफसी बैंक अमरोहा से 5126836 व एचडीएफसी जोया से 510773 रकम ट्रांसफर की थी। उस पर गबन की पुष्टि उप गन्ना आयुक्त मुरादाबाद द्वारा गठित टीम ने वर्ष 2018-19 से 2022-23 तक के अभिलेखों की जांच के बाद की थी। जिसकी जांच गजरौला थाने के अपराध निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह कर रहे थे। शुक्रवार को पुलिस ने उसे अमरोहा से गिरफ्तार कर लिया। सीओ अरुण कुमार सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि गबन के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका चालान कर दिया गया है।