हसनपुर/रहरा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में छापेमारी करते हुए अवैध रूप से संचालित अस्पताल पर सील लगा दी। इसके अलावा एक अन्य अस्पताल को नोटिस जारी किया गय है।
बुधवार को नोडल अधिकारी शरद कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के क्लीनिक पर जाकर छापेमारी की। पंजीकरण से संबंधित कागजात दिखाने के लिए कहा लेकिन कागज नहीं दिखाए जा सके। जिसको लेकर दो अस्पतालों पर सील लगा दी। जबकि एक अस्पताल को नोटिस जारी किया। कार्रवाई से अवैध रूप से अस्पताल चालने वालों में खलबली मच गई है। नोडल अधिकारी ने बताया कि हसनपुर क्षेत्र के गांव लठीरा में राजकुमार क्लिनिक, रहरा क्षेत्र के गांव रहरई स्थित मयंक हेल्थ केयर सेंटर को सील कर दिया। रहरा में भावना हेल्थ केयर क्लीनिक के संचालक को वैध दस्तावेजों को ना दिखाने पर अस्पताल के बाहर नोटिस लगा दिया गया। नोडल प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि इन सभी के पास विभाग से पंजीकरण नहीं था। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी जाएगी। संवाद