हसनपुर। सभासद प्रत्याशी की हत्या के मामले में जेल जा चुके एसडीएम के चालक के खिलाफ अब विभागीय कार्रवाई करते हुए डीएम ने निलंबित कर दिया है। तीन दिन पूर्व
पुलिस ने एसडीएम के चालक जगदीश चंद्र जोशी और एसडीएम के अर्दली चंदन के बेटे पंकज को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था।
हसनपुर के वार्ड 14 से मधुसूदन भुर्जी (48) निर्दलीय सभासद के पद पर चुनाव मैदान में थे। बुधवार की रात मधुसूदन ब्लॉक कॉलोनी में समर्थक के घर से लौट रहे थे। इस दौरान दूसरे प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने सिर में लोहे की वस्तु हमला कर दिया था। बृहस्पतिवार देर शाम मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद शव रखकर परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हसनपुर एसडीएम के अर्दली चंदन, उनके बेटे एवं सभासद प्रत्याशी पंकज एवं एसडीएम के ड्राइवर के दो बेटों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। बाद में विवेचना के दौरान एसडीएम के चालक जगदीश चंद्र जोशी का नाम भी शामिल किया था। पुलिस ने शनिवार को मामले में एसडीएम के अर्दली चंदन का बेटा पंकज और एसडीएम की गाड़ी के ड्राइवर जगरीदश चंद्र जोशी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। अपर जिलाधिकारी भगवान शरण ने बताया कि हसनपुर एसडीएम की गाड़ी के ड्राइवर जगदीश चंद्र जोशी को निलंबित कर दिया है।