हसनपुर/सैदनगली। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी की कार में दबंगों ने अपनी कार से पीछे से टक्कर मार कर उनके कब्जे से स्क्रैप की गाड़ी को छुड़ा लिया और फरार हो गए। हालांकि इस मामले में पुलिस से शिकायत नहीं की गई है। विभागीय अधिकारी घटना पर पर्दा डाल रहे हैं।
बताते हैं कि वाणिज्य कर विभाग के सचल दल यूनिट के प्रभारी अपनी टीम के साथ मंगलवार की मध्य रात्रि सैदनगली में चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच संभल की दिशा से एक डीसीएम आ रही थी। चेकिंग टीम ने उसे रोककर देखा तो उसमें बैटरी का स्क्रैप भरा हुआ था। चालक से संबंधित कागजात मांगे लेकिन दिखाए नहीं जा सके। इस पर टीम ने डीसीएम को अपने कब्जे में ले लिया। वाणिज्य कर अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा में तैनात सिपाही को डीसीएम में बैठा दिया और उसे अपने पीछे आने के लिए कहा। बताते हैं कि स्क्रैप के वाहन को गजरौला ले जाया जा रहा था। जहां पर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों का कार्यालय बना हुआ है। इसी बीच डीसीएम के चालक ने अपने मालिक को फोन कर इसकी सूचना दे दी। जैसे ही डीसीएम और वाणिज्य कर अधिकारी की कार उझारी से हसनपुर की दिशा में बढ़ी। इसी बीच पीछे से डीसीएम के मालिक ने अपनी कार से वाणिज्य कर अधिकारी की बोलेरो में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वाणिज्य कर विभाग की टीम घबरा गई। बताते हैं कि डीसीएम में बैठे सिपाही के साथ भी हाथापाई की गई। सिपाही किसी तरह से जान बचाकर अपनी टीम के पास पहुंचा। उधर, डीसीएम का स्वामी अपने साथियों के साथ डीसीएम को उनके कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया। हालांकि इस संबंध में वाणिज्य कर विभाग की टीम ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सचल दल यूनिट के प्रभारी राम सिंह का कहना है कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उनके आदेश पर अगली कार्रवाई कराई जाएगी। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि इस तरह की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है यदि ऐसा हुआ है। तो जांच कराई जाएगी।