अमरोहा। सावन के तीसरे सोमवार को लेकर रविवार को कांवड़ियों के जत्थे हाईवे से गुजरे। सुबह उन्हें शिवालयों में जलाभिषेक करना है। दिल्ली हाईवे के अलावा बिजनौर अमरोहा मार्ग पर भी कांवड़ियों का रेला गुजरता दिखाई दिया। जिसे लेकर पूरे दिन रूट डायवर्ट रहा। दिल्ली मुरादाबाद हाईवे पर एक लेन से कांवड़िये गुजरते तो दूसरी लेन से कार, बाइकें व आवश्यक वस्तुओं के वाहन गुजरे। पुलिस का कहना है कि सोमवार दोपहर को रूट डायवर्जन समाप्त हो जाएगा।
सावन माह के तीसरे सोमवार को लेकर जिले भर के शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को पूरे दिन कांवड़िये हाईवे से होकर गुजरे। जिसके चलते हाईवे भगवा रंग से रंगा नजर आया और बम भोले के उद्घोषों से गूंज उठा। डीजे पर भोले के गीतों पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे हैं। रविवार को कांवड़ियों का रेला गुजरा। हरिद्वार और ऋषिकेश से जल लेने जाने वाले शिवभक्तों के लौटने का क्रम जारी है। देर रात तक कांवड़िये अपनी मंजिल पर पहुंचे। उधर, कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली मुरादाबाद हाईवे पर एक लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रही तो दूसरी लेन पर कार, बाइक, दूध-दही, फल-सब्जी के वाहन चलते रहे। रविवार रात भर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सोमवार दोपहर बाद हर एक घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर डायवर्जन को समाप्त कर दिया जाएगा। एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि रविवार रात को यदि कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती है तो दोनों लेन पर वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। कार व अन्य छोटे वाहनाें को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। सुबह जलाभिषेक के बाद आठ बजे के बाद से धीरे-धीरे डायवर्जन को समाप्त करना शुरू कर दिया जाएगा। दोपहर दो बजे के बाद दिल्ली मुरादाबाद हाईवे पर दोनों लेन से ट्रक, बसों समेत अन्य वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।