हाईवे पर जनरल स्टोर के सेल्समैन को मैक्स गाड़ी ने कुचल दिया। वह हाईवे पार कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सीएचसी में पहुंचाया। काफी देर बाद उसकी पहचान हो सकी। रोते बिलखते परिजन सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा बृहस्पतिवार रात सवा 11 बजे हाईवे पर रोडवेज बसों के लिए अनुबंधित होटल सामने हुआ। पुलिस ने बताया कि बुध बाजार मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय युवक कमल सिंह पुत्र कांशीराम जनरल स्टोर का सेल्समैन था। बृहस्पतिवार की रात वह अपने दोस्तों के साथ हाईवे पर गया था। रोडवेज बस के अनुबंधित होटल सामने वह हाईवे को पार कर रहा था। तभी मुरादाबाद की तरफ से दिल्ली की ओर जा रही मैक्स गाड़ी ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को वह मृत मिला था। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर मैक्स गाड़ी भी पकड़ ली। पुलिसकर्मी कमल सिंह को सीएचसी लाए। यहां चिकित्सक ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में मौत की खबर पाकर रोते बिलखते परिजन सीएचसी पहुंचे। उसकी पत्नी बविता की तहरीर पर पुलिस ने मैक्स गाड़ी के चालक राजीव निवासी दीपक कॉलोनी सूरज नगर पीतल बस्ती थाना कटघर मुरादाबाद के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ह्रै।
कहां गए कमल सिंह के साथी
मैक्स की टक्कर से मारे गए कमल सिंह के परिजनों का कहना है कि उसके दोस्त उसे हाईवे पर ले गए थे। मगर हादसे के बाद वह अकेला मृत मिला। घटना स्थल पर उसका कोई दोस्त नहीं था। पुलिस को भी कोई दोस्त नहीं मिला। उसके परिजनों का कहना है कि उसके दोस्त उसे छोड़ कर कहां चले गए थे। जिसके कारण पुलिस को उसकी शिनाख्त तुरंत नहीं हुई थी। पुलिस ने शव को अज्ञात में रखने की तैयारी कर ली थी। घंटों बाद पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी थी।