कक्षा सात के छात्र ने दो साधुओं पर कुछ नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने के बाद अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है। छात्र अमरोहा-जोया मार्ग पर बेहोशी की हालत में मिला। होश आने पर वह पुलिस के पास पहुंचा।
मामला बैंक कॉलोनी का है। यहां पर एक व्यक्ति फैक्टरी में काम करता है। उसका 12 वर्षीय साला कक्षा सात का छात्र है। वह अपने जीजा के घर रह कर पढ़ाई करता है। छात्र बुधवार दोपहर बाद संदिग्ध हालत में घर से लापता हो गया। तलाश करने पर नहीं मिला तो चिंतित परिजनों ने रिश्तेदारी में फोन कर जानकारी ली। छात्र अमरोहा-जोया मार्ग पर बेहोश मिला। होश में आने पर वह जोया चौकी पहुंचा। परिजनों को फोन कर जानकारी दी। परिजन उसे घर लेकर आए। यहां उसने कहा कि दो साधुओं ने उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघाया था। जिससे वह बेहोश हो गया था। इसके बाद साधु उसे अपहरण कर ले गए। जबकि पुलिस का कहना है कि घर से गायब होने पर छात्र ने इस तरह का ड्रामा रचा। हालांकि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।