एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक और परास्नातक की इंप्रूवमेंट परीक्षाओं का कार्यक्रम विश्वविद्यालय की ओर से जारी हो गया है। परीक्षाओं का आयोजन चार से 18 अक्तूबर तक के बीच होगा। परीक्षा के लिए जिला स्तर पर जेएसएच पीजी कॉलेज और जिले के दूसरे राजकीय महाविद्यालयाें को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जगदीश शरन हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इंप्रूवमेंट और अंक सुधार परीक्षा का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि बीए, बीएससी और बीकॉम की इंप्रूवमेंट परीक्षाएं चार से आठ अक्तूबर तक दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह आठ से 11 बजे तक व दूसरी पाली दोपहर 12 से तीन बजे तक चलेगी। चार अक्तूबर को पहली पाली में प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के सभी विषयों का पहला पेपर, दूसरी पाली में एनवायरनमेंट साइंस का पेपर होगा।
पांच अक्तूबर को तीनों वर्षों के सभी विषयों का दूसरा पेपर और दूसरी पाली में बीए, बीकॉम व बीएससी के प्रथम वर्ष का स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन का पेपर होगा। सात अक्तूबर को तीनों सालों के विषयों के तीसरा पेपर व दूसरी पाली में तीनों कक्षाओं के दूसरे वर्ष का स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन का पेपर होगा। वहीं, आठ अक्तूबर को बीए और बीएससी के तीसरे साल का गणित चतुर्थ प्रश्नपत्र व एमएससी व एमकॉम के सभी पेपर होंगे। दूसरी पाली में बीए, बीएससी व बीकॉम तीसरे साल का स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा होगी। इसके अतिरिक्त चार अक्तूबर से ही व्यवसायिक विषयों की इंप्रूवमेंट परीक्षाओं का आयोजन अलग-अलग तारीखों को होगा। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहीन आयोजित कराई जाएंगी।
यह बनाए गए इंप्रूवमेंट के लिए परीक्षा केंद्र
- जेएसएच पीजी कॉलेज, अमरोहा
- रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय गजरौला
- राजकीय महाविद्यालय हसनपुर