अमरोहा। कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। हजारों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार, गोमुख और नीलकंठ जैसे प्रसिद्ध स्थानों से कांवड़ गंगा जल लेकर गंतव्य को लौटेंगे हैं। इसे देखते हुए हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान किया है। प्लान में ट्रक, डीसीएम, टोयोटा, कैंटर समेत तमाम माल से लदे भारी और मध्यम वाहनों को नेशनल हाईवे से आने से रोका जाएगा। ये डायवर्जन प्लान 13 फरवरी (आज) रात 12 बजे से 18 फरवरी की शाम छह बजे तक लागू रहेगा। प्लान को तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, जबकि बाइक, कार, छोटा हाथी, रोडवेज, टैक्सी, फल, सब्जी, दूध-दही, गैस व इमरजेंसी वाहन यथावत धीमी गति से दौड़ते रहेंगे।
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए डायवर्जन प्लान को घटाया या बढ़ाया जा सकता है। इसको लेकर जिलेभर के सभी सीओ और थानाध्यक्षों को निर्देशित कर दिया गया है। शिवभक्तों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रस्तावित रूट डायवर्जन प्लान
- मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को पाकबड़ा, संभल, बबराला, नरोरा से बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाला ट्रैफिक आबला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला से नरोरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- हापुड़ व मेरठ से गढ़ के मध्य से रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन गढ़ चोपला से डायवर्ट कर बुलंदशहर, डिबाई ,नरोरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, बिलारी से शाहबाद होते हुए रामपुर की ओर भेजा जाएगा।
- रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जनपद रामपुर क्षेत्र अंतर्गत शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरोरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- चांदपुर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी-हल्के वाहनों को धनौरा थाना की बॉर्डर पुलिस चौकी रसूलपुर पर ही रोका जाएगा और वापस करते हुए बिजनौर, मैराज, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- अमरोहा से दिल्ली जाने वाला यातायात वाहन को अमरोहा-धनौरा रोड से फीना, चांदपुर, मैराज, हस्तिनापुर, मेरठ मोड़ टियाला होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- गजरौला चौपला से भारी वाहनों को गढ़मुक्तेश्वर चौपला से अनुपशहर होते हुए दिल्ली निकाला जाएगा।
- धनौरा से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों धनौरा रोका जाएगा, वापस करते हुए चांदपुर, मैराज, हस्तिनापुर, मेरठ मोड़ टियाला होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- हसनपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई के बाद बुलंदशहर होते हुए आगे निकलेगा।
- संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बहजोई, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा और कोई भी माल से लदा वाहन हसनपुर नही जाने दिया जाएगा।
- मेरठ से बरेली लखनऊ की ओर जाने वाले ट्रैफिक को बिजनौर, धामपुर, कांठ, मुरादाबाद होते हुए बरेली भेजा जाएगा।
- गजरौला से हसनपुर की ओर जाने वाले वाहन को गजरौला चौपला से डायवर्ट कर हाईवे होते हुए अतरासी से हसनपुर निकाला जाएगा।
महाशिवरात्रि पर कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। 13 फरवरी की रात 12 बजे से 18 फरवरी की शाम छह बजे तक डायवर्ट रहेगा। डायवर्जन प्लान को तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर प्लान में थोड़ा बदलाव किया जा सकता है। -अरूण कुमार, सीओ, गजरौला