आदमपुर/ढबारसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात शराब की दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे सेल्समैन को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने लूट लिया। शुरू में सेल्समैन ने खुद के साथ हुई घटना में बाइक, मोबाइल और 72 हजार की नकदी लूटने की जानकारी दी थी लेकिन बाद में शराब की दुकान के स्वामी द्वारा बताया गया कि नकदी नहीं लूट गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव सोंहत गढ़ी निवासी बबलू सिंह आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव निरयावली स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन है। रोजाना की तरह बबलू सिंह मंगलवार की रात करीब दस बजे के बाद दुकान बंद करके बाइक से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह निरयावली व सोंहत को जाने वाले लिंक मार्ग पर पहुंचा तो रास्ते में चार बदमाशों ने उसे डंडा दिखाकर रोक लिया। सेल्समैन ने बताया कि मारपीट कर बदमाशों ने बाइक, मोबाइल और 72 हजार 300 रुपये की नकदी लूट ली है। हालांकि दुकान के स्वामी राहुल राणा का कहना है कि सेल्समैन से नकदी नहीं लूटी गई है। नकदी दूसरे सेल्समैन के पास थी। वहीं पुलिस मामले में बारीकी से जांच कर रही है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।