अमरोहा। होली पर यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से शुक्रवार से एक अप्रैल तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया है। फेरों को बढ़ाते हुए बसों का विशेष संचालन सुनिश्चित कराया गया है। अमरोहा डिपो से दिल्ली, मुरादाबाद, लखनऊ, देहरादून, नूरपुर, गोरखपुर सहित समेत अन्य रूटों पर एक अप्रैल तक यात्री के आवागमन को देखते बसों का संचालन बढ़ाया गया है। चालक-परिजनों की छुट्टी को निरस्त कर दिया गया है।
डिपो की सभी बसों को एक अप्रैल तक ऑन रूट रखा जाएगा। स्पेशल बसों से लेकर कम दूरी के रूटों पर बसों के अतिरिक्त फेरे की व्यवस्था अपनाई जाएगी। इस सब के बीच डिपो में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। जरूरत के लिहाज से संबंधित रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं बसों का विशेष संचालन प्रभावित न हो इसे लेकर चालक-परिचालकों की छुट्टी भी निरस्त कर दी गई है। इतना ही नहीं चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
-
प्रत्येक प्वाइंट पर रुकेगी बस
होली पर शहर कस्बों से लेकर मुख्य मार्गों से सटे गांव के ठहराव प्वाइंट पर बसों को रोकने की व्यवस्था विशेष संचालन के दौरान अपनाई जाएगी। यात्रियों के हाथ देने पर बस को रोकने व सवारी को ले जाने के दिशा-निर्देश चालक-परिचालकों को दिए गए हैं। वहीं किसी भी तरह की शिकायत न मिले इस संबंध में चालक परिचालकों को चेताया भी गया है।
होली के मद्देनजर शुक्रवार से एक अप्रैल तक के लिए बसों का विशेष संचालन कराया जा रहा है। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसे लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। लंबी दूरी के रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई हैं, वहीं कम दूरी के रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
-मोहम्मद शफी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक