गजरौला (अमरोहा)। पिता को खाना देने गजरौला जा रहे हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी 27 वर्षीय अमन शर्मा की बाइक में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में अमन की मौत हो गई।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी नरेश कुमार शर्मा परिवहन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उनकी तैनाती गजरौला में रोडवेज स्टैंड पर है। सोमवार की रात साढ़े नौ बजे उनका 27 वर्षीय बेटा अमन शर्मा बाइक पर सवार होकर पिता को खाना देने आ रहा था। वह बाइक पर सवार था। बेटी संध्या व भतीजी आराध्या भी उसके साथ थीं। वह गांव और गजरौला के बीच पहुंचा था। इसी दौरान गजरौला की दिशा से हसनपुर की तरफ जा रही कार के चालक ने तेजी एवं लापरवाही से चलाते हुए अमन की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिंदा होने की उम्मीद में अमन को सीएचसी में लाया गया, जहां पर देखते ही मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।