गजरौला। हाईवे पर कांकाठेर के निकट पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को रौंद दिया। बाइक पर पीछे बैठी बछरायूं थाना क्षेत्र के देहरी निवासी ऋषिपाली देवी (55) पत्नी फूल सिंह की नीचे गिर कर मौत हो गई। बाइक चला रहा उनका दामाद घायल हो गया। घायल को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस कार्रवाई के बिना परिजन शव घर ले गए व अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव देहरी निवासी ऋषिपाली देवी के घुटनों में दर्द रहता था। बुधवार की सुबह वह अपने दामाद वरुण सिंह निवासी इब्राहिमपुर मंडी धनौरा के साथ हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर से दवाई लेने जा रही थीं। बाइक कांकाठेर के निकट पहुंची थी। इस बीच पीछे से रोडवेज बस आई। तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक पर पीछे बैठी ऋषिपाली देवी बाइक से सिर के बल गिरकर घायल हो गई। वरुण सिंह भी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची ब्रजघाट चौकी पुलिस ने वरुण सिंह को निकट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि ऋषिपाली देवी को मेरठ ले जाया जा रहा था। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। उनका अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि हादसे में महिला की मौत का मामला सामने आया है। मगर पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।