शुक्रवार की शाम करीब छह बजे सोहराब डिपो की बस मेरठ से सवारी लेकर मुरादाबाद जा रही थी। बस में करीब 30 सवारी थीं, जिसे परीक्षितगढ़ निवासी रणवीर सिंह चला रहे थे। जैसे ही बस रजबपुर थाना क्षेत्र में हाइवे स्थित जोया टोल प्लाजा के पास पहुंची तो चालक रणवीर सिंह ने आगे चल रही वाहन से बचने का प्रयास किया। तभी चालक रणवीर सिंह स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो बैठे। जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर लगते ही बस का टायर फट गया और बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में घुस गई। हादसे में चालक रणवीर सिंह घायल हो गए। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। थोड़ी देर में टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रजबपुर इंस्पेक्टर रमेश सहरावत फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाल कर दूसरे वाहनों में बैठाकर गंतव्य के लिए भेज दिया। वहीं घायल चालक का स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे में कोई भी घायल नहीं है, ड्राइवर को मामूली चोट लगी है। यात्रियों को दूसरे वाहनों से घर भेज दिया गया है। मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।