बारिश से सड़कें हुई जलमग्न, रात में जायजा लेने पहुंचे अधिशासी अधिकारी
अमरोहा। लगातार रुक-रुक हो रही बारिश के बीच नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविवार की देर रात सड़कों पर जलभराव का जायजा लेने पहुुंचे। जलभराव वाले स्थानों पर अवरोधों को हटावाया, जिससे बारिश का बहाव शुरू हो सका। उनको सड़क पर देखकर सफाई कर्मचारी भी सड़क पर उतर आए और जलभराव को दूर करने के लिए काम जारी रखा।
तीन दिन से बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा। शनिवार शाम को बादल जमकर बरसे। करीब एक घंटे तक झमाझम बरसात हुई। बारिश के बाद शहर में जलभराव के चलते वाहन चालक व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव की जानकारी मिलते ही अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार, खाद्य निरीक्षक मोहम्मद इल्तजा के साथ शनिवार रात दस बजे जलभराव वाले स्थानों पर पहुंचे और अवरोधों को हटवाया। वे खुद पानी में उतर गए और जल के बहाव को बाधित करने वाले अवरोधों को हटवाया। उनके पानी में उतरने की जानकारी मिलते ही सफाई कर्मचारी मौके पर पहुुंच गए और नालों में अटकी गंदगी को दूर किया। जिससे जलभराव की स्थिति कम हो गई। दो घंटे की मेहनत के बाद सड़क से जलभराव काफी कम हो गया। बारिश के कारण शहर की जामा मस्जिद, शाहविलायत रोड, कोट चौराहा, कसाई खाना, बाजार बगला, बड़ा डाकखाना, आंबेडकर पार्क समेत अन्य कई स्थानों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई। अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश सिंह ने कहा कि नगर में खड़े होने वाले फल ठेले, रेहड़ी आदि लोगों द्वारा फलों के डिब्बो, घास, नालों में डाल दिए जाते हैं, जिससे नाले जाम हो गए थे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नगर वासी अपने घरों, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कूड़ा पालिका डोर टू डोर वाहन में ही डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान दें।