थाना चौराहा से तिगरी मार्ग का चौड़ीकरण कार्य सालभर बाद भी पूर्ण नहीं हो सका है। ऐसे में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की परेशानी का सबब बनेगा। उधर, जिला प्रशासन कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले की तैयारियों में जुट गया है। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अफसरों को मेले शुरू होने से पहले तिगरी की तरफ जाने वाले सभी मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी में लंबे समय से विशाल मेला लगता आ रहा है। जिसमें 15 से 20 लाख श्रद्धालु आते हैं। 15 दिन तक चलने वाले मेले में गंगा तट पर तंबुओं में रहने वाले श्रद्धालु भोर होते ही गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाते हैं। थाना चौराहा से लेकर कुमराला चौकी तक मार्ग बेहद संकरा है। जिसके कारण जाम लगता है। बीते साल क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा ने तीन किमी तक सड़क को फोर लेन किए जाने का उद्घाटन किया था। जिसे सालभर बीत गया लेकिन चौड़ीकरण का काम पूर्ण नहीं किया गया। ऐसे में मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
समस्या से निजात दिलाने को बीते साल तीन किमी तक सड़क को फोरलेन करने का काम शुरू किया गया। चौड़ीकरण का कार्य कुछ दिन बाद ही बंद कर दिया गया। एक साइड भी पूरी नहीं की गई। जो काम किया गया, उसमें भी गड्ढे बने हैं।
डॉ. राजीव शुक्ला, भाजपा नेता
कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला तिगरी गंगा मेला आस्था का प्रतीक है। मेले में अमरोहा या मुरादाबाद ही नहीं बल्कि बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, संभल जिलों के श्रद्धालु स्नान के साथ ही कारोबार के मकसद से आते हैं। मगर मार्ग बेहद संकरा है। जिस कारण लंबे जाम से जूझना पड़ता है।
डॉ. जितेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सपा
लोक निर्माण विभाग को तिगरी मेला शुरू होने से पहले तक तिगरी की तरफ जाने वाले सभी मार्गों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। वह लोक निर्माण विभाग के अफसरों से जानकारी करेंगे कि किस कारण चौड़ीकरण का काम अधूरा रह गया है।
राजीव राज, एसडीएम, मंडी धनौरा
कुमराला चौकी से पहले मार्ग में पेड़ आ जाने के कारण चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण नहीं हो पाया। हालांकि यह इलाका वन सेंचुरी से बाहर हो गया है लेकिन इसका शासनादेश जारी होना बाकी रह गया है। इसका भी जल्द समाधान हो जाएगा।
राजीव तरारा, विधायक मंडी, धनौरा