आठ महीने से अधर में लटका सड़क निर्माण
अमरोहा। मार्ग के निर्माण के लिए शिलान्यास विधायक द्वारा किए जाने के बाद भी आठ माह से निर्माण कार्य अधर में लटका पड़ा है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन प्रभावित है। शिकायत के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
नौगावां सादात क्षेत्र के गांव पट्टी से अकबरपुर पट्टी जाने के लिए ज्यादातर लोग इसी मार्ग से होकर जाते हैं। आठ माह पहले पूर्व विधायक संगीता चौहान ने विधायक निधि से इस मार्ग को बनाने के लिए निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था लेकिन ठेकेदारों की लापरवाही की वजह से कार्य अधर में लटक गया है। जिसके चलते राहगीरों को इस मार्ग से आने-जाने में तमाम दिक्कतों को सामना उठाना पड़ रहा है। करीब 1.2 किमी लंबाई के मार्ग पर नुकीले पत्थर ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन चुके है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग में वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
टायर पंक्चर हो रहे हैं। आसपास दुकान ना होने के चलते उन्हें पैदल चलकर गाड़ी का पंचर लगवाने जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा था लेकिन 8 महीने बीत जाने के बाद भी यहां आज तक कोई अधिकारी इस मार्ग की सुध लेने नहीं आया। सड़क के अधूरे निर्माण के चलते लोगों का इस पर चलना मुश्किल हो गया है।
यह बोले ग्रामीण
मार्ग पर नुकीले पत्थर पड़े हुए हैं। आठ माह से मार्ग पर कार्य अधर में लटका हुआ है। शिकायत के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। --अंकुर कुमार, ग्रामीण पट्टी।
-मार्ग पर डाले गए पत्थरों की बजह से आए दिन बाइक, साइकिल में पंचर होते रहते हैं। यह जानकारी नहीं कि सड़क का निर्माण कब पूरा हो पाएगा। राहुल कुमार, ग्रामीण पट्टी।
पट्टी गांव से होकर जाने वाला यह मुख्य मार्ग करीब दर्जनों गांवों से जुड़ा है। इसके बावजूद भी सरकार सड़क का निर्माण पूरा नहीं करा पा रही है।-संतोष देवी, ग्रामीण पट्टी।
-पट्टी के मुख्य मार्ग का निर्माण पूरा कराने के लिए मैंने मौजूद विधायक समरपाल सिंह से भी शिकायत की है। लेकिन वहां से भी कोई संतुष्ट जवाब नही मिला है। -यशपाल सिंह, ग्राम प्रधान अकबरपुर पट्टी।