अमरोहा/कैलसा। गांव रघुनाथपुर से कैलसा-अमरोहा रोड को जोड़ने वाली लिंक मार्ग के निर्माण में ठेकेदार पर अनियमिता का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर काम रुकवा दिया। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता हरीश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। उनके जाते ही फिर से काम शुरू हो गया।
तहसील क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर से कैलसा-अमरोहा मार्ग को जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लिंक रोड के निर्माण चल रहा है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया निर्माण सामग्री का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन कर काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि 15 लाख रुपये से अधिक की लागत से डामर की यह सड़क बनाई जा रही है। ठेकेदार डामर पर ही डामर डालकर सड़क बना रहा है। सही तरीके से डामर न चिपकने से सड़क उखड़ी-उखड़ी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी और ठेकेदार दोनों मिले हुए हैं।
सड़क मानकों के विपरीत बन रही है। हंगामे की सूचना मिलने पर अवर अभियंता हरीश कुमार गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। उनके जाने के बाद दोबारा से काम चालू करा दिया गया। ग्रामीणों ने इस प्रकरण की डीएम से शिकायत करने का मन बनाया है। प्रदर्शन करने वालो में सतवीर सिंह, किरण पाल सिंह, योगेंद्र सिंह, योगेश कुमार, राकेश सिंह, निहाल सिंह, वीरभान सिंह आदि शामिल रहे।