गजरौला। गुलालपुर के जंगल में नौ अक्तूबर को हुई अनिरुद्ध व रतनपाल भाटी की हत्या की साजिश रचने में फरार चल रहे बदमाश वीरेंद्र व खानी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उधर मुख्य आरोपी अशोक पर भी जल्द ही इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये की जा सकती है। पुलिस की ओर से इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
गजरौला थाना क्षेत्र का गुलालपुर का जंगल नौ अक्तूबर की रात अनिरुद्ध व रतनपाल भाटी की हत्या से दहल उठा था। बदमाशों ने फार्म हाउस पर रहने वाले मेरठ के सीना निवासी अनिरुद्ध व गौतमबुद्ध नगर के बोड़ाकी गांव निवासी रतनपाल भाटी की बलकटी व नल के हत्थे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई, जबकि फार्म हाउस के नौकर हापुड़ के नया गांव निवासी जीतपाल को अधमरा कर छोड़ गए थे। दोहरे हत्याकांड का आरोप हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी अशोक पर है। वही दोहरे हत्याकांड का मास्टर माइंड भी है। इधर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा, उधर पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया कि हत्याकांड की साजिश मुरादपुर निवासी वीरेंद्र, पपसरा खादर के हसमत व हापुड़ जिले के नया गांव निवासी खानी ने रची।
तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। जिसमें पपसरा खादर निवासी हसमत को पुलिस ने बीते शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन वीरेंद्र व खानी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। उधर दोहरे हत्याकांड के मास्टर माइंड अशोक पर इनामी राशि बढ़ाए जाने के लिए थाना पुलिस की तरफ से एसपी ने डीआईजी को रिपोर्ट भेजी है। सूत्रों का कहना है कि डीआईजी ने अशोक पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित करने पर मुहर लगा दी है।
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने वाले तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित हो गया। जिसमें एक इनामी दो दिन पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि दो की धरपकड़ को पुलिस दबिश दे रही है।