अमरोहा/गजरौला। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार आयोजित थाना समाधान दिवस में डीएम राजेश कुमार त्यागी ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को निर्देशित किया। कहा क भूमि संबंधी मामलों का मौके पर जाकर निस्तारण कराएं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा जिले के सभी थानों में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
करीब पौने दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह साढ़े नौ बजे समाधान दिवस में शिकायत सुनने के लिए बैठ गए। आधे घंटे बाद लेखपाल भी पहुंच गए। नगर के एक निजी चिकित्सक फरियाद लेकर थाने पहुंचे। पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। कुछ ही देर में एसडीएम चंद्रकांता भी पहुंच गईं। दोपहर 12 बजे डीएम राजेश कुमार त्यागी अचानक समाधान दिवस में पहुंचे। डीएम ने इंस्पेक्टर से जानकारी ली कि जमीन संबंधी कितनी शिकायत आई हैं। एसडीएम व राजस्व विभाग की टीम को पुलिस बल साथ लेकर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। कहा कि मौके पर जाकर ही सच्चाई का पता चलता है किसने किसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
इसके अलावा अमरोहा नगर, हसनपुर, मंडी धनौरा, रजबपुर, आदमपुर समेत जिले के सभी थानों में समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिसमें अधिकारियों ने जनता की समस्याओं को सुना और त्वरित निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।