सैदनगली। डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अमित कुमार आनंद ने सैदनगली में थाना समाधान दिवस में लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि संबंधी व पारिवारिक विवाद संबंधी अधिकतर शिकायतें प्राप्त हुईं । डीएम ने भूमि संबंधी शिकायतों की जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व और पुलिस के अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर भूमि संबंधी विवादों का मौके पर जाकर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी ग्राम समाज पैमाइश, चकरोड, अवैध कब्जे के मामले यदि हैं तो उन्हें प्राथमिकता के साथ निस्तारण कराया जाए । पारिवारिक विवाद संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि दोनों पक्षों को बुलाकर सुना जाए। एक पक्षीय निर्णय न लिया जाए। इस दौरान डीएम, एसपी व भाजपा जिला महामंत्री अभिनव कौशिक ने पोधरोपण भी किया।