सैदनगली। सभासद समेत दो घरों में लूट की घटना के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने संदिग्ध से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कह रही है।
सैदनगली नगर पंचायत के मोहल्ला शब्दलपुर की मढैया निवासी भागेश चौधरी नगर पंचायत सैदनगली के वार्ड दो से सभासद हैं। रविवार की रात को बदमाशों ने भागेश चौधरी के घर को निशाना बनाते हुए दीवार फांदकर घर में दालिख हो गए थे। बरामदे में सो रही भागेश चौधरी की पत्नी कुसुम व भाई नरेश की पत्नी राकेश देवी को तमंचे दिखाते हुए कानों से कुंडल खींचकर लूट लिए थे। घटना के दौरान दोनों महिलाएं जख्मी हो गईं थी। इसके बाद बदमाश मोहल्ला शब्दलपुर में फकीरा के घर पहुंचे थे। बरामदे में फकीरा की पत्नी फहमीदा और बेटे मुस्तकीम की बहू शहाना सोए हुए थे। बदमाशों ने दोनों के कानों से कुंडल खींच लिए थे। घटना के बाद शोर शराब होने पर लोग एकत्र हो गए थे। थाने पहुंचकर लोगों ने मामले की शिकायत की थी। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।