मंडी धनौरा। 29 मार्च को फीना मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत के मामले में डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस डंपर की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि जनपद बिजनौर के थाना शिवाला कलां के गांव सुनगढ़ निवासी राहुल चौहान, अपने मित्र अमर सिंह व दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर फीना मार्ग से नगर में अपने रिश्तेदार के यहां आ रहा था। ग्राम पाराखालसा के निकट सामने से आ रहे एक डंपर की टक्कर से बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस तीनों को सरकारी अस्पताल लेकर आई। चिकित्सक ने राहुल चौहान को मृत घोषित कर दिया था। जबकि अमर सिंह की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई थी। दीपक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि राहुल चौहान के भाई शिवकुमार ने डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व उनकी मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद