दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मंगेतर और उसके परिवार वालों ने शादी से बीस दिन पहले रिश्ता तोड़ लिया। तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने मंगेतर समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जिला अस्पताल में तैनात नर्स की बेटी स्वास्थ्य विभाग में जीएनएम के पद पर तैनात है। आरोप है कि बेटी की शादी मंडी धनौरा क्षेत्र के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। वह प्राइमरी विद्यालय में शिक्षामित्र है। दोनों पक्षों की सहमति के चलते शादी की तारीख 21 अप्रैल तय हुई थी लेकिन मंगेतर और उसके परिवार वालों ने दहेज में 12 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ लिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच हुआ लेनदेन वापस हो गया लेकिन कुछ दिन बाद दोनों परिवारों के बीच फिर से रिश्ता जोड़ दिया और 11 जुलाई को उन्हें रिश्ते की रश्में पूरी की गईं। इस बार शादी की तारीख 3 दिसंबर तय हुई। पीड़िता की ओर से शादी के कार्ड छप भी चुके हैं। आरोप है इस बार भी मंगेतर और उसके परिवार वालों ने दहेज में 7 लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर रिश्ता तोड़ लिया। दूसरी बार रिश्ता टूटने से आहत जीएनएम ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की और आत्मदाह की चेतावनी दी।
इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मामले में कमल सिंह, मोहर सिंह, हेमराज, रिंकू मास्टर, दिनेश कुमार, राजबाला, कांति देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।