दहेज के लिए मंगेतर और उसके परिजनों ने शादी से दो महीने पहले ही रिश्ता तोड़ दिया। दहेज में दो कार, स्कूटी और मंगेतर की बहन-बहनोइयों के लिए सोने की चैन की मांग की। कार्रवाई करने पर मारपीट की। युवती के पिता को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर डिडौली पुलिस ने पिता-पुत्र समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये मामला रजबपुर थानाक्षेत्र से जुड़ा है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किसान का परिवार रहता है। उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता रजबपुर थाना क्षेत्र के यकबगड़ी निवासी शमशाद के साथ तय किया था। दोनों परिवारों के बीच 6 महीने पूर्व मंगनी की रस्म अदायगी की गई। जबकि शादी के लिए 6 नवंबर 2020 की तारीख तय हुई थी।
युवती के पिता का आरोप है कि 15 दिन से लड़के पक्ष के लोग शादी के लिए इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि शमशाद का प्राइवेट कंपनी में प्रमोशन हो गया है। इसलिए वह शादी दूसरी जगह से करेंगे। अगर तुम्हें शादी करनी है तो टॉप मॉडल की दो कार, छोटे बेटे के लिए स्कूटी और चार दामादों व बेटियों के लिए सोने की चैन देनी होगी। युवती के पिता ने इसका विरोध किया तो झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
आरोप है कि 25 सितंबर की रात युवती के पिता अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। तभी बेटी का मंगेतर अपने परिजनों के साथ घर में घुस आया और परिवार को बंधक बना लिया। मारपीट की रिश्ता खत्म कर नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसान ने आरोपियों पर 13 लाख रुपये मांग पूरी करने के नाम पर ठगने का आरोप लगाया है।
लिहाजा मामले की शिकायत डिडौली कोतवाली में की गई। इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि मामले में मंगेतर शमशाद, उसके पिता शौकीन, मुस्तकीम, दिलशाद, इम्तियाज उर्फ छोटू और भूरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।