फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: सगे साले ने दो दोस्तों संग की थी गाजियाबाद के टैक्सी चालक की हत्या

Tue, 10 Oct 2023 01:57 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। गाजियाबाद की आरसी-344 मतरिका विहार थाना खोड़ा काॅलोनी निवासी मनोज की हत्या पत्नी के विवाद के चलते उसके सगे साले ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर की थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया है।
विज्ञापन



शनिवार की रात देहात थाने की लैपर्ड पर तैनात सिपाही बलराम सिंह और प्रवेश कुमार गश्त पर थे। तभी अंबरपुर रेलवे फाटक के पास उन्हें एक लावारिस कार खड़ी मिली। आधी रात में जंगल में कार खड़ी देख उन्होंने पास जाकर देखा तो कार में कोई नहीं था। जबकि कार की खिड़की खुली हुई थी। साथ ही कार के पास खून व बीयर की टूटी हुई बोतलें पड़ी देखीं। जबकि थोड़ी दूर में लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। मृतक का सिर ईंट-पत्थर से कुचला गया था। मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई तो उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड मिला। जिससे मृतक की शिनाख्त मनोज शर्मा पुत्र सतपाल शर्मा निवासी आरसी-344 मतरिका विहार थाना खोड़ा कालोनी गाजियाबाद के रूप में हुई। सूचना मिलते ही एसपी कुंवर अनुपम सिंह व एएसपी राजीव कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की एक टीम गाजियाबाद पहुंची। जिसके बाद पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे।
11 साल पहले किया था प्रेम विवाह
पुलिस के मुताबिक मनोज शर्मा ने करीब ग्यारह साल पहले मोहल्ले की ही रहने वाली रेखा से प्रेम विवाह किया था। पिछले कई वर्षों से मनोज की अपनी पत्नी से मुकदमेबाजी चल रही है। जिसके चलते उसकी पत्नी रेखा अपने मायके में रहती है। रेखा के परिजन मनोज शर्मा को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। तीन दिन पहले ही मनोज शर्मा ने नोएडा के सेक्टर 53 में रहने वाले दीपक कुमार की कार ड्राइविंग शुरू की थी। शनिवार की शाम करीब सात बजे मनोज शर्मा का सगा साला खोड़ा कॉलोनी के प्रताप विहार निवासी रवि, मुरादाबाद में छजलैट थाना क्षेत्र के अंचाडी अलीनगर निवासी दीपक कुमार और अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के पचोकरा निवासी जतिन कुमार किराए पर कार बुकिंग करके अमरोहा लेकर आए थे। अमरोहा आने से पहले मनोज शर्मा ने ये बात अपने कार मालिक दीपक कुमार और अपने भाई अमन शर्मा को बताई थी। अमरोहा आने के बाद तीनों ने षड्यंत्र के तहत मनोज शर्मा की ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर शव को अंबरपुर रेलवे फाटक के पास फेंक दिया था। करीब चौबीस घंटे छानबीन करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

मूलरूप से हरियाणा के रहने वाले थे मनोज शर्मा



पुलिस के मुताबिक मृतक मनोज शर्मा मूलरूप से हरियाणा में जनपद जींद के गांव उचाना के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम सतपाल शर्मा है। फिलहाल पूरा परिवार गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी गली नंबर दो में रहता है। यहीं पर मनोज शर्मा ने रेखा से प्रेम विवाह किया था।

-



साक्ष्य जुटाने को 24 घंटे में छह बार किया घटनास्थल का मुआयना



टैक्सी ड्राइवर मनोज शर्मा की हत्या के बाद पुलिस ने काफी सतर्कता बरती। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं की। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने छह बार घटनास्थल का मुआयना किया। एएसपी राजीव कुमार सिंह और सीओ अंजलि कटारिया ने हत्याकांड को लीड करते हुए पर्दाफाश किया।
पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से मदद
सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ब्लाइंड मर्डर की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा करने में कामयाब रही। कैमरों की मदद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तार किए जा सके। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पुलिस ने बम्बूगढ़ चौराहा, हिल्टल पब्लिक स्कूल, अंबरपुर चौराहा, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए थे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान हो सकी।



लोहे की कमानी से भी किए थे वार
हत्यारोपियों ने मनोज को पहले शराब पिलाई और जब वह नशे में हो गया तो सिर पर ईंट-पत्थर और लोहे की कमानी से निर्ममता के साथ वार किए। इसके बाद सिर पर बीयर की बोतलें भी फोड़ीं। हत्या के बाद शव रेलवे फाटक के पास एक गन्ने के खेत में फेंक कर फरार हो गए।


हत्या कर अमरोहा रेलवे स्टेशन आए हत्यारोपी, ट्रेन से गाजियाबाद भागे

कार चालक मनोज शर्मा की हत्या करने के बाद तीनों हत्यारोपी कार को सड़क के किनारे छोड़कर जंगल के रास्ते रेल की पटरी से पैदल चलकर अमरोहा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और यहां से ट्रेन पकड़कर गाजियाबाद भाग गए थे।


छुट्टी से लौटे इंस्पेक्टर



देहात थाना इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर दो दिन की छुट्टी पर थे, लेकिन जब हत्याकांड की जानकारी हुई तो वह तुरंत थाने लौट आए। इसके बाद घटनास्थल का मुआयना किया और मृतक के परिजनों से संपर्क साधकर मुकदमा दर्ज कराया और रात में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें