परिजनों ने शराब पीने से मना किया तो राशन विक्रेता ने की आत्महत्या
ढबारसी (अमरोहा)। गंगेश्वरी ब्लाक के एक गांव में राशन विक्रेता शराब पीने का आदी हो गया था। परिजन उससे शराब पीने को मना करते थे। परिजनों ने शराब पीने से मना किया तो उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक राशन विक्रेता ने शनिवार के दिन राशन का वितरण किया था। शाम के समय तेतीस वर्षीय राशन विक्रेता शराब पीकर घर पहुंचा था। जिसको लेकर परिजनों ने नाराजगी जाहिर करते हुए शराब पीने से मना किया तो वह नाराज हो गया। इसके बाद राशन विक्रेता घर में बने कमरे में जाकर सो गया। बताते हैं कि रात्रि में किसी समय कमरे में ही फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार की सुबह को परिजनों ने जब उसका शव कमरे में लटका हुआ देखा तो कोहराम मच गया। मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चे छोड़े हैं। आदमपुर थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि राशन विक्रेता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई सूचना मिलती है तो जांच पड़ताल कराई जाएगी।