अमरोहा। श्री धार्मिक रामलीला कमेटी पदाधिकारियों ने अध्यक्ष विशाल गोयल के नेतृत्व एसडीएम सदर सुधीर कुमार से मुलाकात की। बाद में उन्हें ज्ञापन देकर रामलीला महोत्सव में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
विज्ञापन
आदर्श रामलीला महोत्सव की शुरुआत जेएस हिंदू इंटर कॉलेज की (बाहर वाली फील्ड) में तीन अक्तूबर से हो रही है। रामलीला मैदान में परंपरागत मेले का आयोजन होगा। 26 सितंबर को भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद मेला शुरू होगा। सात अक्तूबर को श्रीराम बरात मोहल्ला कोट दिल्ली वालों के मकान से शाम पांच बजे शुरू होगी, जो नगर के मुख्य बाजारों से होती हुई रामलीला स्टेज पर जाकर समाप्त होगी। भरत मिलाप शोभा यात्रा 13 अक्तूबर शाम सात बजे मोहल्ला कानून गोआन से शुरू होकर बड़ा बाजार स्थित बाबा गंगा नाथ जी के मंदिर के आगे मुख्य बाजारों से होती कटरा गुलाम अली, सुपर मार्केट चौक पर संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि दशहरा पर लगने वाले में सुलभ शौचालय, हाथ धोने और पानी पीने के लिए दो सरकारी नल ग्राउंड में लगाए जाएं। एसडीएम ने कमेटी पदाधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का आश्वासन दिया। इस दौरान महामंत्री शार्दुल अग्रवाल, विनीत अग्रवाल, संजीव सैनी, प्रेम नारायण रघुवंशी, अमित रस्तोगी, मनु कमल गुप्ता, गौरव गोयल मौजूद रहे।