आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की मोबाइल पर बात करते हुए मंगेतर से तरकार हो गई, जिस पर कमरे में फंदे से लटक कर युवती ने जान दे दी। जानकारी मिलने पर मंगेतर भी खेत में जाकर फंदे से लटक गया। दोनों का बिना किसी कानूनी कार्रवाई अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आदमपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती का रिश्ता संभल जिले में बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक से चार माह पहले तय हुआ था। रिश्ते के कुछ समय बाद ही मंगेतर व युवती ने एक दूसरे से फोन पर बातें करना शुरू कर दिया। रविवार दोपहर लगभग एक बजे दोनों एक दूसरे से बात कर रहे थे। अचानक किसी बात पर दोनों में तकरार हो गई और युवती ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी पाकर मंगेतर के माता-पिता युवती के घर जाने के लिए निकल गए। इसी बीच मंगेतर ने खेत पर जाकर पेड़ पर फंदे से लटक कर मौत को गले लगा लिया। दोनों की शादी की तारीख अभी तय नहीं हुई थी। दोनों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। युवती और युवक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि युवती के आत्महत्या के मामले में थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं है।