जिले में धान और बाजरे की खरीद को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। एक अक्तूबर से खरीद शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिले में 23 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पांच केंद्रों पर बाजरे की खरीद होगी, जबकि, बाकी पर धान की खरीद की जाएगी। धान के लिए जिले को दस हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य दिया गया है। जबकि, बाजरे की खरीद के लिए अभी कोई लक्ष्य नहीं दिया गया है।
खाद्य विपणन वर्ष 2024-25 के लिए मूल्य समर्थन योजना के तहत धान व बाजरे की खरीद की जाएगी। इस बार धान के खरीद केंद्रों में कमी की गई है। पिछले साल जहां 23 केंद्रों पर धान की खरीद की गई थी, वहीं अबकी बार 18 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें पीसीएफ व खाद्य विभाग के सात-सात व पीसीयू के तीन व भारतीय खाद्य निगम का एक खरीद केंद्र बनाया गया है। वहीं बाजरे की खरीद के लिए धनौरा में दो व अमरोहा, नौगांवा सादात तथा हसनपुर में एक-एक खरीद केंद्र बनाया गया है। खरीद 31 जनवरी तक चलेगी।
धान के समर्थन मूल्य में 117 रुपये की वृद्धि
शासन ने इस बार धान के समर्थन मूल्य में 117 रुपये की वृद्धि की है। सामान्य धान 2300 रुपये प्रति क्विंटल व ग्रेड-ए का धान 2320 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। पिछले साल सामान्य धान की खरीद 2183 रुपये व ग्रेड-ए धान की खरीद 2203 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई थी। वहीं, बाजरे के समर्थन मूल्य में इस बार 125 रुपये बढ़ाए गए हैं। पिछले साल बाजरा 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया था, जबकि इस बार 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर का निर्धारण किया गया है। किसानों को 48 घंटों के भीतर उनके खाते में फसल की कीमत भेजी जाएगी।
धान के लिए 79 किसानों ने कराया पंजीकरण
तहसील पंजीकृत किसान
मंडी धनौरा 56
अमरोहा 6
हसनपुर 17
नौगांवा सादात 00
- धान के लिए बने खरीद केंद्र
अमरोहा जनपद में खाद्य विभाग के तहत धान खरीद के लिए नौगांवा सादात, अमरोहा मंडी, अमरोहा मंडी, उपमंडी स्थल नन्हेड़ा अल्यारपुर, धनौरा में धनौरा पीसीएफ गोदाम व गजरौला मंडी, हसनपुर में हसनपुर मंडी प्रथम व द्वितीय को केंद्र बनाया गया है। जबकि, पीसीएफ के लिए जोया ब्लॉक के बी-पैक्स जोया व बी-पैक्स पूरनपुर, धनौरा के लिए बी-पैक्स चुचैला कला व ढकिया भूड़, हसनपुर के लिए बी-पैक्स गारबपुर व गंगेश्वरी ब्लॉक में बी-पैक्स दढि़याल व ढबारसी को केंद्र बनाया गया है। पीसीयू के लिए जोया के सलामतपुर बी पैक्स एट समिति, हसनपुर में सहकारी संघ उझारी एट सरकड़ा कमाल व सहकारी संघ/ पूर्ति भंडार कुंदरकी भूड़ व भारतीय खाद्य निगम के लिए मंडी गजरौला को खरीद केंद्र बनाया गया है।
यहां होगी बाजरे की खरीद
बाजरे की खरीद के लिए अमरोहा मंडी में अमरोहा व नौगांवा के लिए एक-एक व धनौरा, गजरौला व हसनपुर में मंडी में क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
- धान व बाजरे की खरीद के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों के पंजीकरण कराने को पोर्टल भी खुला है। जिस पर किसान पंजीकरण भी करा रहे हैं। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को क्रय नीति के अनुसार ही खरीद के लिद निर्देश दिए गए हैं।
- अजय प्रताप सिंह, डीएफएमओ