अमरोहा। निजी कॉलेजों में डीएलएड के प्रशिक्षुओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने परिषदीय स्कूलों में प्रशिक्षण की अनिवार्यता को गलत करार दिया। कहा कि प्राइमरी स्कूल बंद हैं ऐसे में प्रशिक्षण मुश्किल है। उन्होंने प्रशिक्षण की अनिवार्यता को स्थगित करने की मांग की। जिले के विभिन्न निजी कॉलेजों में वर्ष 2017 और 2018 में डीएलएड में नामांकित प्रशिक्षुओं की जुटान बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में हुई। उन्होंने एससीईआरटी के आदेश को अव्यवारिक बताया। कहा कि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है, लेकिन डॉयट की ओर से परीक्षा फॉर्म को अग्रसारित नहीं किया जा रहा है। इसके चलते सैकड़ों प्रशिक्षु वंचित हो सकते हैं। इसके अलावा शिक्षक भर्ती में शामिल नहीं हो सकेंगे। प्रदर्शन करने वालों में अंकित, विमल सिंह, ऋषिता, पूजा, रोहित, रामपाल, कपिल दिनेश, कौशल, शेखर आदि रहे।