अमरोहा। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर जिलेभर में जुलूस-ए- मोहम्मदी परंपरागत तरीके से निकाला गया। जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया गया। नारा-ए- तकबीर अल्ला हू अकबर के नारों से फिजा गूंज उठी। जुलूस के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर डेढ़ बजे जौहर की नमाज के बाद शहर की जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी शुरू हुआ। कमेटी अध्यक्ष सरताज आलम मंसूरी, सचिव हबीब अहमद आदि ने सब्ज परचम दिखाकर जुलूस को रवाना किया। जुलूस में शामिल आशिके रसूल नारे तकबीर अल्लाह-ओ-अकबर आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे। जुलूस में जीप पर सवार बच्चों का उत्साह भी देखते बन रहा था। जुलूस मोहल्ला हक्कानी, नौबतखाना, जट बाजार, बड़ा बाजार से मुख्य बाजार होते हुए चाहगौरी, चाह मुल्लामान, बटवाल व कोट चौराहा होता हुआ देर रात नगर पालिका के मैदान में पहुंचा। यहां जुलूस जलसे में बदल गया। रास्ते में जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया गया। जुलूस में सांप्रदायिक सौहार्द भी देखने को मिला। रामडोल कमेटी, अंजुमन रजाकाराने हुसैनी व लायंस क्लब की ओर से भी स्वागत किया गया। अलीजान मंजिल में भी जुलूस में शामिल लोगों को जलपान कराया गया। टाउन हाल में हाफिज गुलाम मुर्तजा ने मुल्क व कौम की तरक्की व अमन की दुआ कराई। इस दौरान विधायक महबूब अली, हाजी खुर्शीद अनवर, मास्टर असलम उसमानी, सभासद फहीम शाहनवाज, हाजी अब्दुल कय्यूम रायनी, हाजी उवैस मुस्तफा रिजवी, हाजी नासिर फारूक, मुराद आरिफ, मरगूब सिद्दीकी आदि मौजूद रहे। वहीं, कैलसा क्षेत्र में भी ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस निकाला गया। वहीं नौगांवा सादात, डिडौली और जोया में जुलूस निकाले गए।