अमरोहा। प्रधानमंत्री ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान के तहत कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यशाला में ग्राम प्रधानों व किसानों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान सीडीओ ने कहा कि योजना के तहत जिले के 43 बिजली सब स्टेशनों का सौर ऊर्जा से रोशन करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही पीएम सूर्य घर के तहत सोलर प्लांट लगवाने से घर के बिजली बिलों में भी कमी लाई जा सकती है।
सोमवार को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में प्रधानमंत्री ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सोलर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। यूपी नेडा के अधिकारियों ने बताया कि पीएम कुसुम योजना के तहत जिले के 43 बिजली सब स्टेशनों का सोलराइजेशन करने की तैयारी है। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने कहा कि 43 गांवों के बिजलीघरों की पांच किलोमीटर की परिधि में सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे। उन्होंने इसके लिए व्यापक प्रचार प्रसार किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने यूपी नेडा के अधिकारियों से जनपद में अपना कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। फिलहाल बिजनौर के अधिकारी अमरोहा में यूपी नेडा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाते हुए सभी ग्राम प्रधानों को उसमें जोड़ा जाए। जिससे योजना के बारे में भी जानकारी अथवा संशय को दूर किया जा सके।
इसके अलावा कार्यशाला में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। योजना के लिए अमरोहा जनपद के वेंडर चिकारा इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर अशीष चिकारा ने बताया कि योजना में एक से दस किलोवाट तक का रूप टॉप सोलर पावर प्लांट घरों की छत पर लगाया जा रहा है। जिसमें 45 हजार से 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान राज्य व केंद्र सरकार दे रही है। उन्होंने बताया कि सोलर पावर प्लांट लगवाने से घर के बिजली के बिल में दो तिहाई तक की बचत की जा सकती है। कैंप के जरिए लोगों को योजना के बारे में बताया जा रहा है। कार्यशाला में एसडीएम नौगांवा सादात ब्रजपाल सिंह, एसडीएम हसनपुर सुनीता, ईओ नगर पालिका अमरोहा डॉ. बृजेश कुमार, डीपीआरओ पारूल सिसौदिया, उप निदेशक कृषि राम प्रवेश सहित ग्राम प्रधान एवं किसान मौजूद रहे।