गजरौला। पंजाब, हरियाणा और बिजनौर के कोल्ड स्टोर फुल हो गए। अब वहां का आलू गजरौला के कोल्ड स्टोर में भेजा जा रहा है। जिसे जरूरत पड़ने पर यहां से मंगा लिया जाएगा। बृहस्पतिवार को भानपुर फाटक मार्ग स्थित कोल्ड स्टोर के बाहर सड़क किनारे करीब 20 से ज्यादा आलू लदे ट्रक खड़े थे। ट्रक चालकों ने बताया कि वह पंजाब, हरियाणा के करनाल व बिजनौर से आलू लेकर आए हैं। कहा कि पंजाब, हरियाणा और बिजनौर के कोल्ड स्टोर फुल हो गए हैं। इसलिए गजरौला के कोल्ड स्टोर में रखने के लिए आलू लेकर आए हैं। भानपुर फाटक किनारे वाले कोल्ड स्टोर को ही लें, इसमें 85 हजार बोरी रखने की क्षमता है, जबकि अभी तक उसमें महज 18 हजार बोरी ही रखी गई हैं। आलू की अधिकांश खोदाई हो चुकी है। इसलिए यह संभावना लग रही है कि गजरौला सहित जिले के अन्य कोल्ड स्टोर भी बाहर के आलू पर ही निर्भर रह सकते हैं।